scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशबनर्जी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता बागची गिरफ्तार

बनर्जी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता बागची गिरफ्तार

Text Size:

कोलकाता, चार मार्च (भाषा) कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रवक्ता कौस्तव बागची को राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कथित रूप से टिप्पणियां करने के मामले में शुक्रवार देर रात उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शहर के बरतला पुलिस थाने के एक बड़े दल ने राज्य के उत्तर 24 परगना जिले में बैरकपुर स्थित बागची के आवास पर देर रात साढ़े तीन बजे छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

मुख्यमंत्री को लेकर कथित टिप्पणियों के लिए बागची के खिलाफ शुक्रवार को बरतला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई थी।

अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हमने कौस्तव बागची को बैरकपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। हम इस बारे में ज्यादा बात नहीं कर सकते। हमारे अधिकारी उनसे बात कर रहे हैं।’’

बागची ने सागरदिघी उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी पर ‘‘व्यक्तिगत हमले’’ करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और उनकी कथित रूप से आलोचना की थी।

गिरफ्तार किये जाने के बाद बागची को बरतला पुलिस थाने लाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

अधिकारी ने बताया कि बागची के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें 120(बी) (आपराधिक साजिश), 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 506 (आपराधिक धमकी) और अन्य धाराएं शामिल हैं।

भाषा सिम्मी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments