scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशपश्चिम बंगाल : मुख्य सचिव ने विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग को अनुपालन रिपोर्ट भेजी

पश्चिम बंगाल : मुख्य सचिव ने विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग को अनुपालन रिपोर्ट भेजी

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव ने निर्वाचन आयोग को वह अनुपालन रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें केंद्रीय चुनाव निकाय ने राज्य के शीर्ष अधिकारी को कुछ अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने और बूथ स्तरीय अधिकारियों को बढ़ा हुआ पारिश्रमिक देने समेत कुछ अन्य निर्देशों का पालन करने के लिए कहा था।

अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती ने आयोग द्वारा निर्धारित शाम पांच बजे की समय सीमा से पहले ही अपनी अनुपालन रिपोर्ट भेज दी।

एक अधिकारी ने बताया, “असम के समीक्षा दौरे से लौटने के बाद आयोग की टीम अनुपालन रिपोर्ट की जांच करेगी।”

आयोग ने इस वर्ष जनवरी में मुख्य सचिव का पदभार संभालने के बाद चक्रवर्ती को तलब किया था।

पश्चिम बंगाल में अगले दो महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं।

अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, आयोग के शीर्ष अधिकारी उनसे लंबित मुद्दों पर भी चर्चा करना चाहते थे।

आयोग ने 13 फरवरी को चक्रवर्ती के साथ हुई बैठक में उनसे 17 फरवरी तक निर्देशों का पालन करने को कहा था, जिसमें बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को बढ़ा हुआ पारिश्रमिक देना और जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान जानबूझकर नियमों का उल्लंघन करने वाले दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना शामिल था।

आयोग ने पश्चिम बंगाल सरकार को बढ़ा हुआ मानदेय और एसआईआर के लिए स्वीकृत अतिरिक्त भुगतान जारी न करने पर फटकार लगाई थी।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments