scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशपश्चिम एशिया संकट: नोर्का हेल्पडेस्क को 541 फोन आए

पश्चिम एशिया संकट: नोर्का हेल्पडेस्क को 541 फोन आए

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, एक मार्च (भाषा) इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के मद्देनजर ‘नोर्का रूट्स’ द्वारा स्थापित 24 घंटे संचालित एक विशेष हेल्प डेस्क को रविवार शाम छह बजे तक 541 फोन आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में बताया कि रविवार शाम तक आए कुल कॉल में से 188 विदेश से और 353 देश के भीतर से थीं।

सीएमओ द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, हेल्पडेस्क के पास आए कुल कॉल में 353 भारत से, 78 यूएई से, 49 कतर से, 39 बहरीन से, 12 कुवैत से, पांच ओमान से, तीन सऊदी अरब से और दो ब्रिटेन से थे।

पश्चिम एशिया में वर्तमान स्थिति और हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त जानकारी की समीक्षा नोर्का केंद्र में नोर्का विभाग की सचिव टी.वी. अनुपमा और नोर्का रूट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत कोलासेरी की अध्यक्षता में एक बैठक में की गई।

बहरीन से प्रवासियों ने नोर्का रूट्स से तात्कालिक सहायता की मांग की, जिसमें दवाइयाँ शामिल थीं। बयान में कहा गया कि आवश्यक सहायता लोक केरल सभा के सदस्यों की मदद से प्रदान की गई।

इसके अलावा, जिन लोगों के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज खो गए थे, उन्हें प्रतिकृतियाँ प्राप्त करने के लिए सहायता दी गई।

बयान में कहा गया है कि बहरीन में सरकारी आश्रय खोले गए हैं और प्रवासियों तक सूचना पहुँचाने के लिए कदम उठाए गए हैं।

बहरीन में नोर्का प्रतिनिधियों और लोक केरल सभा के सदस्यों के एक विशेष मदद समूह का गठन किया गया है, ताकि गतिविधियों का समन्वय किया जा सके।

बयान में कहा गया है कि यूएई में यात्रा व्यवधानों के कारण फंसे प्रवासियों को मलयाली संगठनों और लोक केरल सभा के सदस्यों के माध्यम से आपातकालीन सहायता प्रदान की गई।

बयान के मुताबिक, केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय, संबंधित देशों में भारतीय मिशनों, लोक केरल सभा के सदस्यों और प्रवासी संगठनों के साथ समन्वय जारी है।

संघर्षग्रस्त देशों में रह रहे प्रवासी केरलवासियों (एनआरके) को केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी का पालन करने की सलाह दी गई है।

इस बीच, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के निर्देश पर नयी दिल्ली में केरल हाउस में 24 घंटे का नियंत्रण कक्ष भी खोला गया है।

बयान में कहा गया है कि कंट्रोल रूम संचालन का समन्वय स्थानीय आयुक्त पुनीत कुमार और अन्य संबंधित अधिकारियों की अगुवाई में किया जा रहा है।

भाषा दिलीप नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments