scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशपश्चिम एशिया संघर्ष: विदेश मंत्रालय ने कहा, विभिन्न घटनाओं में छह भारतीयों की जान गई

पश्चिम एशिया संघर्ष: विदेश मंत्रालय ने कहा, विभिन्न घटनाओं में छह भारतीयों की जान गई

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि ‘‘विभिन्न घटनाओं’’ में छह भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जबकि एक अब भी लापता है।

यहां अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में विदेश मंत्रालय के अपर सचिव (खाड़ी) असीम आर महाजन ने कहा, ‘‘हमें 18 मार्च को रियाद में हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु की कल देर रात सूचना मिली।’’ हालांकि, उन्होंने इस मृत्यु के कारणों के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। रियाद स्थित हमारा दूतावास परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत वापस लाने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।’’

शुक्रवार को रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने भी कहा कि हालिया घटनाओं के कारण 18 मार्च को सऊदी अरब में एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई।

एक दिन पहले, भारतीय दूतावास ने कहा कि बुधवार को रियाद और कुछ अन्य क्षेत्रों के निवासियों को अलर्ट प्राप्त हुए थे। दूतावास ने कहा, ‘‘भारतीय समुदाय को शांत रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी जाती है।’’

महाजन ने दिल्ली में पत्रकारों को यह भी बताया कि ‘‘विभिन्न घटनाओं में छह भारतीय नागरिकों की जान चली गई और एक लापता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सऊदी अरब, ओमान, इराक और यूएई में स्थित हमारे दूतावास लापता भारतीय नागरिक के संबंध में और मृत भारतीय नागरिकों के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत वापस लाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क में हैं।’’

एक सप्ताह से भी कम समय पहले, विदेश मंत्रालय के अधिकारी ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर एक अंतर-मंत्रालयी प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बताया था कि विभिन्न घटनाओं में पांच भारतीय नागरिकों की जान चली गई है जबकि एक लापता है।

पश्चिम एशिया में यह संघर्ष 28 फरवरी को शुरू हुआ जब अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त रूप से सैन्य हमले किए। इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों को निशाना बनाया जहां अमेरिकी सैन्य अड्डे स्थित हैं।

भाषा आशीष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments