scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशहम नेपाल के साथ संपर्क में हैं: भारत ने सामान पर सीमा शुल्क लगाये जाने की खबरों पर कहा

हम नेपाल के साथ संपर्क में हैं: भारत ने सामान पर सीमा शुल्क लगाये जाने की खबरों पर कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों द्वारा ले जाए जाने वाले सामान पर नेपाल द्वारा सीमा शुल्क लगाए जाने की संभावना संबंधी खबरों के बीच विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि नयी दिल्ली इस घटनाक्रम पर काठमांडू के साथ लगातार संपर्क में है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘मंत्रालय ने उन खबरों पर ध्यान दिया है जिनमें नेपाल के अधिकारियों द्वारा सीमा पार करने वाले यात्रियों से शुल्क वसूलने की बात कही जा रही है।’’

जायसवाल ने कहा, ‘‘हम समझते हैं कि नेपाल सरकार ने यह कदम मुख्य रूप से अनौपचारिक व्यापार और तस्करी पर अंकुश लगाने के इरादे से उठाया है। हमने नेपाल के एक वरिष्ठ अधिकारी का बयान भी देखा है, जिसमें कहा गया है कि व्यक्तिगत या घरेलू उपयोग के लिए सामान ले जाने वाले आम नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होगी। हम इन घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए हैं और संपर्क में हैं।’’

भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों के सामान पर जल्द सीमा शुल्क लगने के दावों संबंधी सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के बारे में पूछे जाने पर, प्रवक्ता ने कहा कि यह प्रावधान नया नहीं है, बल्कि नेपाल इसे अब लागू कर रहा है।

भाषा

सुमित देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments