scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशयमुना का जलस्तर कम होकर 207.7 मीटर पर आया तो वजीराबाद, चंद्रावल संयंत्र चालू हो जाएंगे: केजरीवाल

यमुना का जलस्तर कम होकर 207.7 मीटर पर आया तो वजीराबाद, चंद्रावल संयंत्र चालू हो जाएंगे: केजरीवाल

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि यदि यमुना नदी का जलस्तर कम होकर 207.7 मीटर पर आ जाता है तो वजीराबाद और चंद्रावल में जल शोधन संयंत्रों में शनिवार सुबह तक काम चालू हो जाएगा।

केजरीवाल ने आईटीओ बैराज का दौरा किया जहां 32 गेट में से पांच गेट जाम हैं, जिससे पानी का प्रवाह दिल्ली से तेजी से आगे करने में अड़चन आ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘नौसेना इन गेट को खोलने के लिए लगी हुई है लेकिन कहा नहीं जा सकता कि ये कब खुलेंगे।’’

केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इन गेट के रख-रखाव के लिए हरियाणा सरकार जिम्मेदार है लेकिन उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है। हम निश्चित रूप से बैराज का नियंत्रण लेने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण बृहस्पतिवार को राजधानी के तीन जल शोधन संयंत्रों में काम बंद कर दिया गया था और ओखला जल शोधन संयंत्र में शुक्रवार को काम फिर से चालू हो गया।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर जलस्तर कम होकर 207.7 मीटर पर पहुंच जाता है तो वजीराबाद और चंद्रावल जल शोधन संयंत्र में शनिवार सुबह तक काम चालू हो जाएगा।’’

केजरीवाल ने कहा कि यह आरोप-प्रत्यारोप का समय नहीं है और सभी को बाढ़ संकट से निपटने के लिए मिलकर काम करना होगा।

जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि दिल्ली में हालात कब सामान्य होंगे तो उन्होंने कहा कि अगले दो दिन में बारिश की संभावना है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर बारिश नहीं होती तो हालात कुछ ही दिन में सामान्य हो जाएंगे।’’

उन्होंने मुकुंदपुर में तीन लड़कों की यमुना में डूबने से मौत पर दुख जताया और लोगों को सलाह दी कि इस समय नदी में जाने से बचें।

भाषा

वैभव अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments