scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेश‘युद्ध में सबका नुकसान होता’: मीरवाइज उमर फारूक ने पश्चिम एशिया में शांति की अपील की

‘युद्ध में सबका नुकसान होता’: मीरवाइज उमर फारूक ने पश्चिम एशिया में शांति की अपील की

Text Size:

श्रीनगर, 10 अप्रैल (भाषा) कश्मीर के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने शुक्रवार को कहा कि युद्ध में कोई वास्तविक विजेता नहीं होता, क्योंकि संघर्ष विनाश और नुकसान छोड़ जाता है। उन्होंने पश्चिम एशिया में शांति लाने के लिए न्याय आधारित गंभीर बातचीत और संवाद का आह्वान किया।

यहां जामिया मस्जिद में जुमे की नमाज पर लोगों को संबोधित करते हुए मीरवाइज ने कहा कि पूरी दुनिया आशा और उम्मीद से इस्लामाबाद की ओर देख रही है, उस निर्णायक मोड़ की प्रतीक्षा है जो इस क्षेत्र को आगे के संघर्ष से दूर ले जाकर शांति बहाल करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू और कश्मीर के लोग भी उम्मीद करते हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी वार्ता न्याय के माध्यम से ईरान, लेबनान और फलस्तीन के लोगों को हिंसा और पीड़ा के दुष्चक्र से मुक्ति दिलाएगी।

उन्होंने याद दिलाया कि कश्मीर के लोग युद्ध और संघर्ष की निरर्थकता और मानवीय कीमत को भलीभांति समझते हैं, क्योंकि उन्होंने स्वयं दशकों तक दुख, हानि और पीड़ा सहन की है।

उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध में कोई वास्तविक विजेता नहीं बनता, हर कोई हारता है, जीवन, गरिमा और मानवता के लिहाज से।’’

उन्होंने आगे कहा कि लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष केवल विनाश, आघात और ऐसे घाव देते हैं जो पीढ़ियों तक बने रहते हैं, जिससे नफरत और पूर्वाग्रह पैदा होते हैं।

भाषा संतोष माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments