नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (भाषा) तमिलनाडु में एलटीटीई की आतंकी गतिविधियों को फिर से संचालित करने से जुड़े हथियारों के मामले में वांछित एक व्यक्ति को राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एनआईए के प्रवक्ता ने कहा कि ‘अय्यनारप्पन कोइल स्ट्रीट’ निवासी कबिलार ए उर्फ ‘कबिलान’ को तंजावुर जिले के ओरथानाडु क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति उन तीन लोगों में शामिल है जिनके खिलाफ गत 11 नवंबर को एनआईए ने आरोपपत्र दाखिल किया था और वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
यह मामला तमिलनाडु के सलेम जिले के पुलियामपट्टी डिवीजन के पास 19 मई को एक वाहन की जांच के दौरान दो आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, गोला-बारूद और विस्फोटक पदार्थ की बरामदगी से संबंधित है।
एनआईए ने जांच का जिम्मा 25 जुलाई को लिया। जांच एजेंसी ने कहा कि तीनों आरोपी व्यक्तियों ने एलटीटीई से प्रभावित होकर वर्ल्ड तमिल जस्टिस केस (डब्ल्यूटीजेसी) नामक एक संगठन बनाया और हिंसक और विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बनाने का काम किया।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
