कोलकाता, 29 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि राज्य में दूसरे चरण का मतदान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और यह पहले चरण के आंकड़ों को पार कर सकता है।
छिटपुट हिंसा और उम्मीदवारों पर हमले की घटनाओं के बीच पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के तहत अपराह्न एक बजे तक 3.21 करोड़ मतदाताओं में से 60 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
अग्रवाल ने कहा कि व्यापक सुरक्षा और कड़ी निगरानी में पूरे राज्य में सुचारू मतदान सुनिश्चित हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले चरण में पश्चिम बंगाल ने देश को दिखाया कि 93 प्रतिशत मतदान संभव है और चुनाव स्वतंत्र व निष्पक्ष हो सकते हैं। इस चरण में भी हमारा लक्ष्य उस उपलब्धि को हासिल करना या उससे भी आगे निकलना है।’’
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सीएपीएफ की उचित तैनाती है और सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है और कहीं से कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।’’
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘हम बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों से भी अपील करते है कि वे जाएं और मतदान करें। प्रत्येक को वोट देना चाहिए। निर्वाचन आयोग की अपेक्षा है कि मतदाता सूची में जिसका भी नाम है, वह अपने मताधिकार का प्रयोग करे।’’
भाषा खारी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.