गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम विधानसभा की सभी 126 सीट के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हो गया जिसमें 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है।
इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं।
मतगणना चार मई होगी।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
