गरियाबंद (छत्तीसगढ़), दो फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के एक गांव में एक मामले में जमानत पर रिहा हुए तीन आरोपियों द्वारा कथित तौर पर कुछ स्थानीय लोगों पर हमला किए जाने के बाद रविवार को दो समुदायों के लोगों के बीच हिंसा भड़क गई जिसमें सात पुलिसकर्मी एवं दो ग्रामीण घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार जमानत पर रिहा आरोपी और उसके दो साथियों ने कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों पर हमला किया, जिनमें से एक 2024 के मंदिर अपवित्रता मामले में गवाह था।
पुलिस के अनुसार इन हमलों के बाद, रविवार शाम को राजिम थाना क्षेत्र के दुतकैया गांव में एक विशेष समुदाय के सैकड़ों ग्रामीणों की क्रोधित भीड़ ने दूसरे समुदाय के लोगों के आधे दर्जन से अधिक घरों पर हमला किया और उन्हें आग लगा दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह दुतकैया के निवासी आरिफ कुरैशी (18) और सलीम खान (23) तथा रायपुर निवासी इमरान सिद्दीकी (18) ने राजिम थाना क्षेत्र में बकली गांव और फिंगेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के बेसिन गांव में चार लोगों पर कथित तौर पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि उन्होंने दो पीड़ितों से मोबाइल फोन भी लूट लिए।
हमलों के बाद, ग्रामीणों ने राजिम थाने में तीन और फिंगेश्वर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि तीनों को रविवार शाम करीब 6 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि, बाद में शाम को, दुतकैया और आसपास के गांवों के सैकड़ों निवासी कथित तौर पर इकट्ठा हुए और अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों के घरों पर हमला किया, जिसमें कुरैशी का घर भी शामिल था।
हिंसा फैलने पर कुछ वाहनों में आगजनी की गई और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। इस दौरान सात पुलिसकर्मी घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘ग्रामीणों पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ तीन मामले दर्ज किए गए हैं।’’
एक अधिकारी ने बताया कि एक घायल पुलिसकर्मी को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों का राजिम कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। घायल नागरिकों को रायपुर के एक निजी और एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा राजकुमार संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
