scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशविनय कुमार सक्सेना ने लद्दाख के चौथे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली

विनय कुमार सक्सेना ने लद्दाख के चौथे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली

Text Size:

लेह/जम्मू, 13 मार्च (भाषा) विनय कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें आठ दिन पहले संवैधानिक पद पर नियुक्त किया था।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सक्सेना को जम्मू कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण पल्ली ने चोगलम्सर स्थित केंद्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान के आर्य नागार्जुन सभागार में आयोजित एक समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इससे पहले मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने राष्ट्रपति द्वारा जारी नियुक्ति पत्र पढ़कर सुनाया, जिसके बाद सक्सेना ने कार्यभार प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर किए।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद लद्दाख पुलिस ने उन्हें औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

सक्सेना केंद्र शासित प्रदेश के चौथे उपराज्यपाल हैं और उन्होंने कविंदर गुप्ता का स्थान लिया है।

गुप्ता ने 18 जुलाई 2025 को उपराज्यपाल का पदभार संभाला था और इस वर्ष पांच मार्च को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालने के लिए इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

समारोह के बाद मीडिया से बात करते हुए उपराज्यपाल ने लद्दाख के लोगों की सेवा करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।

लद्दाख को ‘‘भारत का मुकुट’’ बताते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि वे लोगों की आकांक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी लगन से काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि लद्दाख में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इस बात पर जोर दिया कि उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक लद्दाख को देश और दुनिया के सबसे खूबसूरत तथा लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक बनाना होगा।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments