फरीदाबाद, 24 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा में फरीदाबाद जिले के भाखरी गांव में कचरा निस्तारण स्थल (डंपिग यार्ड) का विरोध कर रहे ग्रामीणों को शनिवार को धरना स्थल से हटाने के प्रयास के बाद पथराव में चार पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं और लगभग 20 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गांव में ‘डंपिंग यार्ड’ बनाए जाने के खिलाफ धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश के दौरान दोपहर के समय पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई।
अधिकारियों ने कहा कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने धरना स्थल को खाली करा लिया और अब वहां कचरा डालना शुरू कर दिया है।
पिछले एक महीने से ग्रामीण नगर निगम द्वारा भाखरी गांव की जमीन पर डंपिंग यार्ड बनाए जाने का विरोध करते रहे हैं और उन्होंने मौके पर तंबू लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि इससे पहले नगर निकाय ने पुलिस की मदद से धरना स्थल को खाली कराया था। हालांकि, रिहा होने के केवल दो दिन बाद ही वे वापस लौट आए और वहां फिर से जमा हो गए।
चूंकि अरावली पर्वतमाला पारिस्थितिकी के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि वहां डंपिंग यार्ड बनाने और कचरा डालने से पर्यावरण को नुकसान पहुंच सकता है।
फरीदाबाद नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि कचरा निस्तारण की योजना तैयार की जा रही है।
हालांकि, कचरा एकत्र करना भी आवश्यक है; इसलिए धरना स्थल को खाली कराया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को जल्द ही राहत देखने को मिलेगी।
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.