नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत में मामूली कहासुनी को लेकर 17 वर्षीय लड़के पर हमला करने के आरोप में दो नाबालिगों को पकड़े जाने के कुछ दिनों बाद वारदात का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।
वायरल हुए वीडियो में दो लड़के एक संकरी गली में नाबालिग पर हमला करते दिख रहे हैं। हमलावरों में से एक पीड़ित की पीठ पर चाकू से कई बार वार करता है और फिर उसके पैरों, जांघों और पेट पर बार-बार प्रहार करता है।
फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर लड़के को गली के पास के एक कमरे में घसीटकर ले गए।
यह घटना 21 मार्च को हुई, जब 17 वर्षीय लड़का फरीदपुरी सब्जी मंडी में एक गुरुद्वारे के पास एक आरोपी से गलती से टकरा गया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद बहस शुरू हुई और फिर पीड़ित पर चाकू से हमला किया गया।
पीड़ित की हमले में जान बच गई और उसका इलाज किया जा रहा है।
भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों को पकड़ लिया गया है और उन्होंने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों की आपराधिक मामलों में पहले भी संलिप्तता रही है।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.