नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार से श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
कोलंबो में राधाकृष्णन श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके, प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या और अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने यात्रा की घोषणा करते हुए कहा, “यह भारत के उपराष्ट्रपति की श्रीलंका की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी।”
मंत्रालय ने कहा कि श्रीलंका, भारत के ‘महासागर’ दृष्टिकोण और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति में एक महत्वपूर्ण साझेदार है।
बयान में कहा गया, “उपराष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों देशों के बीच हाल के उच्च स्तरीय संवाद के बाद हो रही है और भारत-श्रीलंका के बीच सदियों पुराने जन-से-जन संबंधों को और सुदृढ़ करेगी।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले वर्ष मार्च में मॉरीशस यात्रा के दौरान ‘महासागर’ यानी ‘क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति’ दृष्टिकोण की घोषणा की थी, जो ‘ग्लोबल साउथ’ के साथ भारत की भागीदारी का आधार है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.