नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 66वें जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को उन्हें बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
बड़ी संख्या में नागरिकों और विभिन्न नेताओं ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए मुर्मू को शुभकामनाएं दीं, जबकि कुछ गणमान्य लोगों ने यहां राष्ट्रपति भवन में उनसे मुलाकात की।
राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर कहा, “मेरे जन्मदिन पर, मैं देशवासियों की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं पाकर प्रसन्न हूं। आपका प्यार व जुड़ाव मेरे लिए ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है। मैं आभार व्यक्त करती हूं और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूं।”
मुर्मू ने अपने दिन की शुरुआत दिल्ली में भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा- अर्चना के साथ की और सभी नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंदिर की कुछ तस्वीरें साझा कीं और लिखा, ‘‘जय जगन्नाथ! आज दिल्ली में स्थित जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए तथा प्रार्थना की कि सभी देशवासियों का कल्याण हो तथा हमारा देश प्रगति के नए प्रतिमान स्थापित करता रहे।’’
मुर्मू का जन्म 20 जून 1958 को ओडिशा के मयूरभंज जिले के उपरबेड़ा गांव में एक संथाली आदिवासी परिवार में हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई 2022 को राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मुर्मू को जन्मदिन की बधाई दी।
राष्ट्रपति कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ‘‘भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।’’
मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है। गरीबों और हाशिए पर पड़े लोगों की सेवा करने की उनकी सोच मजबूत मार्गदर्शक शक्ति है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनकी जीवन यात्रा करोड़ों लोगों को उम्मीद देती है। उनके अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए भारत हमेशा उनका आभारी रहेगा। उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’
इससे पहले राष्ट्रपति नयी दिल्ली में पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय दिव्यांगजन संस्थान पहुंचीं, जहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों और छात्रों के साथ समय बिताया और उनके द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम देखा।
मुर्मू ने यहां पुनर्निर्मित ‘प्रोस्थेसिस एंड ऑर्थोसिस सेंटर’ का भी दौरा किया और रोगियों से बातचीत की।
उन्होंने राष्ट्रपति भवन में दिव्यांगों द्वारा प्रबंधित मिट्टी कैफे का उद्घाटन भी किया।
उन्होंने कैफे में समय बिताया और कर्मचारियों के साथ अपना जन्मदिन मनाया।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने परिवार के सदस्यों के साथ मुर्मू से मिले और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ-साथ शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी और सुकांत मजूमदार ने भी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान और उनकी पत्नी, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के साथ-साथ वस्त्र राज्य मंत्री पवित्रा मार्गेरिटा और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने भी राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात की।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.