नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार को प्रसार भारती द्वारा आयोजित ‘मन की बात एट 100’ सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। दिनभर चलने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो संबोधन के 100वें संस्करण के मौके पर प्रसार भारती द्वारा किया जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह इस सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करेंगे जहां एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट का लोकार्पण किया जायेगा। इस दौरान केंद्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे।
उद्घाटन सत्र के बाद प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ संबोधनों में उठाये गए विविध मुद्दों को रेखांकित करते हुए चार सत्रों का आयोजन किया जायेगा। इसमें एक सत्र ‘नारी शक्ति’, दूसरा सत्र ‘विरासत का उत्थान’, तीसरा सत्र ‘ जन संवाद से आत्मनिर्भरता’ और चौथा सत्र ‘आह्वान से आंदोलन’ पर होगा।
इन सत्रों में फिल्म अदाकार आमिर खान एवं रवीना टंडन, पुडुचेरी की पूर्व उप राज्यपाल किरण बेदी, संगीतकार रिक्की केज, खिलाड़ी निकहत जरीन और दीपा मलिक, किस्सागो नीलेश मिस्रा, उद्यमी संजीव भीकचंदानी तथा टीवी मोहनदास पई आदि हिस्सा ले रहे हैं जिनका उल्लेख मन की बात के संस्करणों में किया गया था।
उपराष्ट्रपति ‘मन की बात एट 100’ पर एक कॉफी टेबल पुस्तिका और प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस एस वेम्पती की पुस्तक ‘ कलेक्टिव स्पिरिट, कंक्रीट एक्शन’ का विमोचन भी करेंगे।
भाषा दीपक
दीपक वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.