scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशविहिप ने नगालैंड बैपटिस्ट चर्च काउंसिल पर विभिन्न वर्गों के बीच 'शत्रुता' उत्पन्न करने का आरोप लगाया

विहिप ने नगालैंड बैपटिस्ट चर्च काउंसिल पर विभिन्न वर्गों के बीच ‘शत्रुता’ उत्पन्न करने का आरोप लगाया

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को नगालैंड बैपटिस्ट चर्च काउंसिल की कड़ी आलोचना की और उस पर विहिप और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को ‘हिंसा को बढ़ावा देने और भड़काने वाले’ संगठन करार देकर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता उत्पन्न करने का प्रयास करने का आरोप लगाया।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि आरएसएस और विहिप दोनों ही देशभक्त और कानून का पालन करने वाले संगठन हैं जो हिंदू समाज को सामाजिक सेवा के सकारात्मक मिशन की ओर एकजुट करने के लिए काम करते हैं।

कुमार ने एक बयान में कहा, ‘‘हमने नगालैंड बैपटिस्ट चर्च काउंसिल (एनबीसीसी) द्वारा जारी एक बयान देखा है जिसमें नगालैंड के समजियुरम बैपटिस्ट चर्च पर असम राइफल्स की कथित छापेमारी की निंदा की गई है। पूरी तरह से संदर्भ से हटकर, इस बयान में आरएसएस और विहिप पर ‘हिंसा को बढ़ावा देने और भड़काने तथा ऐसे कृत्यों को उचित ठहराने वाले संगठन’ होने का आरोप लगाया गया है।’’

उन्होंने कहा कि बयान में कथित घटना में आरएसएस या विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की कोई भूमिका नहीं बताई गई है और न ही इनमें से किसी ने घटना को उचित ठहराया है।

विहिप प्रमुख ने आरोप लगाया कि एनबीसीसी का बयान एक सामान्य सुरक्षा अभियान को धार्मिक और वैचारिक विवाद में बदलने का छलपूर्ण प्रयास लगता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और विहिप का उल्लेख उक्त घटना से संबंधित नहीं है और संभवतः इसे ‘राजनीतिक या सांप्रदायिक’ रूप से माहौल बनाने के लिए शामिल किया गया है।

कुमार ने कहा, ‘विहिप आरएसएस और विहिप के खिलाफ एनबीसीसी के आरोपों की निंदा करता है, जिन्हें भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों के बीच शत्रुता उत्पन्न करने के संभावित प्रयास के तहत शामिल किया गया है।’

एक हालिया बयान में, एनबीसीसी ने कथित तौर पर नौ मार्च की देर रात नगालैंड के पेरेन जिले में समजियुरम बैपटिस्ट चर्च और पादरी के आवास पर असम राइफल्स द्वारा छापेमारी का आरोप लगाया और घटना पर चिंता जतायी।

भाषा अमित रमण

रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments