नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) होली पर हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत के बाद दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में शुक्रवार को भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच एक कार और एक मोटरसाइकिल को आग लगा दी गई।
दिल्ली दमकल सेवा ने बताया कि उन्हें अपराह्न 2.02 बजे उत्तम नगर के जेजे कॉलोनी में दो वाहनों – एक कार और एक मोटरसाइकिल – में आग लगने की सूचना मिली।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया, ‘दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।’
पुलिस ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और वाहनों में आग किसने लगाई, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
बुधवार को होली के दौरान दो अलग अलग समुदायों के परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण की मौत के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह झड़प तब शुरू हुई जब कथित रूप से एक गुब्बारे से रंगीन पानी की कुछ बूंदे एक महिला पर जा गिरीं, जिससे विवाद बढ़ गया और दोनों परिवारों के बीच हिंसा हो गई। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। तरुण को गंभीर चोटें आईं और बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।
भाषा नोमान
नोमान रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
