अहमदाबाद, एक मार्च (भाषा) रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को यहां पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि वैष्णव ने सरखेज-धोलेरा दोहरीकरण खंड के साथ-साथ राष्ट्रीय समुद्री धरोहर परिसर (एनएमएचसी) और धोलेरा हवाई अड्डे को जोड़ने वाली 134 किलोमीटर लंबी सहायक लाइन की भी समीक्षा की।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि अहमदाबाद-धोलेरा सेमी हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी परियोजना को देश भर में सेमी हाई-स्पीड रेल प्रणालियों के लिए एक प्रोटोटाइप के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो अहमदाबाद और धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (एसआईआर) के बीच तेज और कुशल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
इसमें कहा गया है कि यह सरखेज और धोलेरा के बीच 1676 मिमी चौड़े गेज खंड पर विकसित की गई दुनिया की पहली सेमी हाई-स्पीड रेल प्रणाली होगी जिसकी अधिकतम संभावित गति 220 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
इसमें कहा गया है कि पश्चिम रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) प्रदीप गुप्ता ने रेल मंत्री को परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
भाषा अमित नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
