(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार में कपड़ों की दुकान का ‘बाबा’ नाम होने पर आपत्ति कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का विरोध करने वाले युवक दीपक को रविवार को ‘‘नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान का प्रतीक’’ करार दिया और कहा कि देश को ऐसे और युवकों की जरूरत है।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहे हैं, ताकि डर के सहारे राज करते रहें।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उत्तराखंड के दीपक भारत के हीरो हैं। दीपक संविधान और इंसानियत के लिए लड़ रहे हैं, उस संविधान के लिए जिसे भाजपा और संघ परिवार रोज़ रौंदने की साज़िश कर रहे हैं। ’’
उन्होंने कहा कि यह युवक ‘‘नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान’’ का जीवित प्रतीक है और यही बात सत्ता को सबसे ज़्यादा चुभती है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘संघ परिवार जानबूझकर देश में आर्थिक और सामाजिक ज़हर घोल रहा है, ताकि भारत बंटा रहे और कुछ लोग डर के सहारे राज करते रहें। उत्तराखंड की भाजपा सरकार खुलेआम उन असामाजिक ताक़तों का साथ दे रही है, जो आम नागरिकों को डराने और परेशान करने में लगी हैं।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘नफ़रत, डर और अराजकता के माहौल में कोई भी देश आगे नहीं बढ़ सकता। शांति के बिना विकास सिर्फ़ एक जुमला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें और ‘दीपकों’ की ज़रूरत है – जो झुकें नहीं, जो डरें नहीं, और जो पूरी ताक़त से संविधान के साथ खड़े रहें। हम तुम्हारे साथ हैं भाई। डरो मत, तुम बब्बर शेर हो।’’
कोटद्वार में पटेल मार्ग स्थित ‘बाबा’ नाम से संचालित की जा रही कपड़ों की एक दुकान का नाम बदलने के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ता कथित रूप से दुकान मालिक मोहम्मद शोएब पर दबाव डाल रहे थे। उसी समय वहां के एक जिम संचालक दीपक चंद ने पहुंचकर विरोध किया तथा बजरंग दल के लोगों को वहां से जाने के लिए मजबूर कर दिया। युवक की सोशल मीडिया पर खूब तारीफ हो रही है।
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
