scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशउत्तराखंड: अल्मोड़ा में स्थापित किया जाएगा प्रदेश का दूसरा भाषा प्रशिक्षण केंद्र

उत्तराखंड: अल्मोड़ा में स्थापित किया जाएगा प्रदेश का दूसरा भाषा प्रशिक्षण केंद्र

Text Size:

गैरसैंण, 13 मार्च (भाषा) उत्तराखंड सरकार अल्मोड़ा में प्रदेश का दूसरा भाषा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगी।

इससे पहले देहरादून में भाषा प्रशिक्षण केंद्र खोला गया था।

प्रदेश के कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शुक्रवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में जारी बजट सत्र के दौरान यह घोषणा की।

उन्होंने बताया कि 2023 से मुख्यमंत्री कौशल उन्ययन एवं वैश्विक रोजगार योजना शुरू की गयी थी, जिसके तहत देहरादून में पहला भाषा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया था।

बहुगुणा ने बताया कि इसमें विद्यार्थियों को आठ से 10 माह तक विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और यहीं से उनकी नौकरी की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन कंद्रों की संख्या बढ़ाए जाने के निर्देश दिए हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चों को इसका लाभ मिल सके।

मंत्री ने कहा कि यही वजह है कि इस योजना में प्रशिक्षण का बजट 75 लाख रुपये से बढ़ाकर 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि तीन साल से भी कम समय में अब तक 147 बच्चों को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है और उनमें से 92 बच्चें की जर्मनी, जापान और सऊदी अरब जैसे विभिन्न देशों में नौकरी लग चुकी है।

बहुगुणा ने बताया कि 10 अन्य युवाओं के लिए सऊदी अरब में नौकरी का प्रस्ताव है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पश्चिम एशिया में युद्ध के हालात के बीच राज्य सरकार उन लोगों की भी पूरी चिंता कर रही है, जिन्हें इस योजना के माध्यम से विदेशों में नौकरी मिली है।

बहुगुणा ने बताया कि सऊदी अरब में सेवारत 30 लोगों से उनकी बात हुई है और वे सब पूरी तरह से सुरक्षित हैं।

भाषा सं दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments