गोपेश्वर (उत्तराखंड), सात मार्च (भाषा) सोशल मीडिया पर साझा किये गये एक आलेख में भोटिया जनजाति के खिलाफ कथित तौर पर अशोभनीय टिप्पणी करने को लेकर मंगलवार को एक प्राध्यापक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विषय की जांच कर रही पुलिस उपाधीक्षक नताशा सिंह ने कहा कि हरिद्वार के एक कॉलेज में अध्यापन करने वाले भगवती प्रसाद पुरोहित को यहां उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि पारंपरिक परिधान पहने भोटिया जनजाति समुदाय के सदस्यों ने चार मार्च को प्रदर्शन कर प्राध्यापक को फौरन गिरफ्तार करने की मांग की थी।
पुलिस ने बताया कि पुरोहित ने अपने आलेख में भोटिया महिलाओं का अपमानजक संदर्भ दिया था।
उन्होंने बताया कि प्राध्यापक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153ए/469 और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अधिनियम की धारा 3(1) के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पुरोहित पूर्व में भी इस तरह के विवाद में शामिल रहे थे, जब उन्होंने डॉ भीमराव आंबेडकर के खिलाफ एक अशोभनीय टिप्पणी की थी।
भाषा सुभाष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.