scorecardresearch
Monday, 20 April, 2026
होमदेशरसोई गैस को लेकर अफरा-तफरी के बीच उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क: विभिन्न जिलों में छापे मारे गये

रसोई गैस को लेकर अफरा-तफरी के बीच उत्तर प्रदेश सरकार सतर्क: विभिन्न जिलों में छापे मारे गये

Text Size:

लखनऊ, 11 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में उपभोक्ताओं की रसोई गैस एजेंसियों के बाहर उमड़ती भीड़ के बीच राज्य सरकार ने पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी अफवाहों और संभावित कालाबाजारी से निपटने के लिए कमर कस ली है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पूरे राज्य में कड़ी निगरानी और कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग की टीम ने तेल और रसोई गैस की जमाखोरी एवं कालाबाजारी को रोकने के लिए नोएडा से गोरखपुर तक जगह-जगह छापे मारे।

अधिकारियों ने कहा कि मजिस्ट्रेट और प्रवर्तन दल गौतम बुद्ध नगर समेत विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर सघन निरीक्षण कर रही है ताकि इन चीजों की कालाबाजारी न हो सके।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों से रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए बेचैन घरेलू उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गईं। कुछ लोगों ने कहा कि वे सिलेंडर पाने के लिए कई घंटों से इंतजार कर रहे थे।

यहां कैसरबाग समेत शहर के कुछ स्थानों पर कुछ गैस एजेंसियों के बाहर रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।

हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उपभोक्ताओं की सुविधा राज्य सरकार की प्राथमिकता है। अगर कोई व्यक्ति तेल या गैस की कालाबाजारी करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ बहुत सख्त कार्रवाई होगी।’

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments