scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशउत्तर प्रदेश : राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे

उत्तर प्रदेश : राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे

Text Size:

लखनऊ, 13 जून (भाषा) ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े कथित धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पूछताछ के लिए पेश हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के समर्थन में सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी में पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए।

यहां अशोक मार्ग इलाके में स्थित ईडी कार्यालय के पास पुलिस ने कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

इस बीच, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के प्रवक्ता अशोक सिंह ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा दमनकारी नीति अपनाकर आम लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।’’

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के महासचिव शरद मिश्रा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आखिरी सांस तक लड़ते रहेंगे।

कांग्रेस के एक नेता ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन को नजरबंद कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कृष्णकान्त पाण्डेय ने बताया कि कांग्रेसजनों द्वारा ईडी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तानाशाही तरीके से कांग्रेस कार्यालय को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है ताकि कोई वहां तक पहुंच ना सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जगह-जगह कांग्रेसजनों को प्रताड़ित कर रही है।

पाण्डेय ने दावा किया, ‘‘कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा एवं मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी सहित तमाम नेताओं को नजरबंद कर दिया गया है। कांग्रेस इसकी कड़े शब्दों में निंदा करती है।’’

सरकार एवं प्रशासन के तमाम रोक के बावजूद भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।

एक बयान में पाण्डेय ने कहा, ‘‘जनता की आवाज बनकर सरकार के जनविरोधी कार्यों के खिलाफ आवाज सिर्फ कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी ने उठायी है। उनकी आवाज को दबाने के लिए सरकार संस्थानों का उपयोग कर रही है। लेकिन सरकार का कोई हथकंडा इस आवाज को नहीं दबा सकेगा।’’

पाण्डेय ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा लोगों का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, अराजकता, भ्रष्टाचार से हटाने के लिए वह कांग्रेस नेताओं को दुर्भावनावश गलत तरीके से परेशान करने का प्रयास कर रही है।

भाषा जफर अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments