हावड़ा (पश्चिम बंगाल), 30 जनवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को सरस्वती पूजा के आयोजकों से अनुष्ठान के दौरान कमल के फूल का प्रचूर उपयोग करने का आग्रह किया।
अधिकारी ने राष्ट्रीय पुष्प का तृणमूल कांग्रेस द्वारा कथित तौर पर अपमान किये जाने को लेकर राज्य में सत्तारूढ़ दल पर हमला बोला ।
तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा के हालिया बयानों के लिये उन पर प्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए अधिकारी ने कहा कि इस तरह के बयान सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है ।
उल्लेखनीय है कि मित्रा ने राज्य के प्रति केंद्र के भेदभाव को लेकर लोगों से कमल फूल का उपयोग करना बंद करने का आह्वान किया था और कैमरे के सामने कमल की पंखुड़ियों को फाड़ दिया था जिससे विवाद पैदा हो गया ।
अधिकारी ने हावड़ा जिले के पांचला में एक रक्तदान शिविर में कहा, ‘‘इस तरह की टिप्पणी से कुछ लोग हमारे राष्ट्रीय पुष्प का अपमान कर रहे हैं। उन्हें कमल के महत्व के बारे में पता नहीं है । वे नहीं जानते हैं कि दो चीजों को इस प्रकार से नहीं जोड़ा सकता है ।’’
मित्रा ने इस हफ्ते की शुरूआत में बेलघरिया में एक पुष्प प्रदर्शनी में यह कह कर विवाद छेड़ दिया था, ‘‘ कमल का उपयोग नहीं करें। इसकी पंखुरियों को तोड़ दें ओर इसके बजाय गुड़हल के फूल का उपयोग करें। संध्या मुखोपाध्याय को पद्म पुरस्कार के सिलसिले में बंगाल के प्रति भेदभाव के खिलाफ यह हमारा प्रदर्शन है।’’
भाजपा नेता अधिकारी ने सामुदायिक सरस्वती पूजा के आयोजकों से पांच फरवरी को अनुष्ठान में कमल का प्रचूर मात्रा में उपयोग करने का अनुरोध किया।
भाषा सुभाष रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.