scorecardresearch
Thursday, 9 April, 2026
होमदेशयूपीएससी 2025: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 100वीं रैंक हासिल करने वाले सात्विक देवता को सम्मानित किया

यूपीएससी 2025: ओडिशा के मुख्यमंत्री ने 100वीं रैंक हासिल करने वाले सात्विक देवता को सम्मानित किया

Text Size:

भुवनेश्वर, सात मार्च (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा में 100वीं रैंक हासिल करने वाले सात्विक सत्यकाम देवता को शनिवार को सम्मानित किया।

क्योंझर जिले के हाटाडीही प्रखंड के निवासी 29 वर्षीय सात्विक ने लोक सेवा भवन में अपने माता-पिता के साथ माझी से मुलाकात की।

उन्हें बधाई देते हुए माझी ने सात्विक के लिए सफल जीवन की कामना की और कहा कि उनकी उपलब्धि राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जनसेवा सिविल सेवा का प्रमुख उद्देश्य है।’ उन्होंने सात्विक को समाज की बेहतरी के लिए समर्पण भाव से काम करने की सलाह दी।

भुवनेश्वर स्थित ‘ओडिशा यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड रिसर्च’ (ओयूटीआर) से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक सात्विक ने अपने छठे प्रयास में परीक्षा उत्तीर्ण की।

वह 2023 से नाबार्ड में सहायक प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। सात्विक के पिता गोस्वामी देवता एक सेवानिवृत्त नौकरशाह हैं।

सिविल सेवा परीक्षा में उत्तीर्ण हुए कुल 953 उम्मीदवारों में पुरी के अमृत महापात्रा शामिल हैं जिन्होंने 121वीं रैंक हासिल की। ​​इससे पहले उन्होंने ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त की थी। उनके पिता ओडिशा सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में उप निदेशक के पद पर कार्यरत थे।

सात्विक और अमृत के अलावा, तनीशा मिश्रा ने 211वीं रैंक हासिल की, जबकि विशाल पट्टनायक 341वें स्थान पर रहे।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments