scorecardresearch
Saturday, 30 August, 2025
होमदेशउप्र: महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस पर बलात्कारी को पकड़ने में नाकाम रहने का आरोप

उप्र: महिला ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस पर बलात्कारी को पकड़ने में नाकाम रहने का आरोप

Text Size:

गाजियाबाद (उप्र), 30 अगस्त (भाषा) गाजियाबाद के मोदीनगर तहसील परिसर में एक महिला ने अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की और आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ बलात्कार करने के आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना शुक्रवार को हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपने कपड़ों में आग लगाने की कोशिश कर रही महिला के हाथ से लाइटर छीन लिया। महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोदीनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी महिला के अनुसार, आरोपी ने कुछ महीने पहले शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया। दो साल तक शारीरिक उत्पीड़न के बाद आरोपी ने उससे बात करना बंद कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि जब वह उसके पास गई, तो आरोपी ने उसे बुरी तरह पीटा जिससे उसके हाथ की हड्डी भी टूट गई।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने डेढ़ महीने पहले बलात्कार और मारपीट का मामला दर्ज किया था लेकिन आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया।

महिला ने पुलिस चौकी प्रभारी पर आरोपी से मिलीभगत का आरोप लगाया। तीन दिन पहले, उसने पुलिस को चेतावनी दी थी कि अगर 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह आत्महत्या कर लेगी।

इसके बाद, पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी पर शांति भंग करने का आरोप लगाया। हालांकि, महिला का दावा है कि पुलिस ने लगभग दो महीने तक लापरवाही बरती और आरोप केवल शांति भंग करने का लगाया बल्कि आरोप बलात्कार का होना चाहिए था।

पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने शनिवार को बताया कि आरोपी की पहचान नीरज गोयल के रूप में हुई है, जो मोदीनगर में ‘स्नैक्स फैक्टरी’ का मालिक है और उसने इलाहाबाद उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत ले रखी थी, इसलिए उसे शांति भंग करने की धारा में आरोपित किया गया है।

भाषा सं जफर शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments