scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशउप्र : चित्रकूट में मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत

उप्र : चित्रकूट में मोटरसाइकिलों की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत

Text Size:

बांदा, एक मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश में चित्रकूट जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि इस हादसे में पिता और दो बच्चों समेत तीन अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मानिकपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि रविवार को ऊंचाडीह सड़क मार्ग में गुरौला गांव के नजदीक दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक मोटरसाइकिल पर सवार डभौरा गांव के मजरे जतरी के रहने वाले संतू बसोर (30), उसके बेटे बासु (पांच), प्रियांश (एक) और दिब्बू बसोर (23) व दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार ऐलहा गांव के शिवमूरत (40) गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पांचों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां स्थानीय अस्पताल के चिकित्सकों ने दिब्बू बसोर को मृत घोषित कर दिया, इसके बाद जिला अस्पताल ले जाते समय शिवमूरत की भी रास्ते में मौत हो गई।

एसएचओ ने बताया कि फिलहाल गंभीर हालत में संतू और उसके दोनों बेटों बासु व प्रियांश का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि दोनों मृत व्यक्तियों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments