कानपुर, दो अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के कानपुर में गैर-कानूनी तरीके से गुर्दा प्रतिरोपण करने वाले गिरोह से जु़ड़े मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को ऑपरेशन थिएटर के दो तकनीशियन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, जांच का दायरा कई शहरों तक बढ़ा दिया गया क्योंकि कई लोगों के इस गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आब्दी ने बताया कि पुलिस ने कल्याणपुर के एक निजी अस्पताल में अवैध रूप से गुर्दा प्रतिरोपण में कथित भूमिका के लिए कुलदीप सिंह राघव और राजेश कुमार को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि ये दोनों सर्जरी वाले दिन दिल्ली से आए थे और प्रक्रिया पूरी होते ही तुरंत वापस लौट गए थे।
आब्दी ने बताया कि इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या आठ हो गई है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें रोहित उर्फ राहुल नाम का एक चिकित्सक नियमित रूप से गुर्दा प्रतिरोपण में मदद करने के लिए बुलाता था।
आब्दी ने बताया कि रोहित उर्फ राहुल इस रैकेट के मुख्य आरोपियों में से एक है, जिसके खिलाफ पहले ही लुकआउट नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
यह कार्रवाई चार चिकित्सकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी होने के एक दिन बाद की गयी है।
भाषा सं सलीम जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
