झांसी, 11 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में दो नाबालिग लड़कों ने अपने पड़ोस में रहने वाले नौ साल के एक लड़के से कथित तौर पर कुकर्म किया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामला तब सामने आया, जब आरोपियों ने इस कृत्य का एक वीडियो प्रसारित कर दिया।
पीड़ित लड़के के पिता ने नवाबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना सात मार्च को उस समय हुई, जब परिवार के सदस्य एक समारोह में व्यस्त थे और 15 व 16 वर्ष की उम्र के दोनों आरोपी उनके बेटे को बहला-फुसलाकर पास की एक जर्जर इमारत में ले गए।
पीड़ित बच्चा पहली कक्षा का छात्र है।
बच्चे के पिता ने शिकायत में बताया कि दोनों आरोपियों ने उनके बेटे से कथित तौर पर कुकर्म किया और इस कृत्य को वीडियो बना लिया।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया, “शिकायत के आधार पर बच्चे के यौन उत्पीड़न के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डिजिटल साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
