सुलतानपुर (उप्र), 24 मार्च (भाषा) सुलतानपुर में सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में कथित तौर पर जहरखुरानी गिरोह ने बुजुर्ग दंपति समेत तीन यात्रियों को अपना शिकार बनाया जिन्हें बेहोशी की हालत में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सुलतानपुर पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक राम कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ितों की पहचान बिहार के चंपारण के कल्याणपुर निवासी हृदय नंद चौबे (84) और उनकी पत्नी शैला देवी (76) और अनिल चौबे (40) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि इनके पास से मिले टिकट और आधार कार्ड से पहचान हुई है।
उन्होंने बताया कि ये सभी यात्री प्रयागराज से अयोध्या जाने वाली सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे और रास्ते में जहरखुरानी गिरोह के शिकार हो गए।
वर्मा ने बताया कि ट्रेन जब सुलतानपुर पहुंची तो यात्रियों ने राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) व आरपीएफ को सूचना दिया जिसके बाद तीनों यात्रियों को ट्रेन से उतारा गया और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
इसके बाद डॉक्टरों ने इनका इलाज शुरू किया। ह्रदय नंद की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी ने बताया कि इन यात्रियों के साथ यह घटना कहां और कैसे हुई इसके बारे में जानकारी तब ही दी जा सकती है जब तीनों यात्री होश में आ जाए।
भाषा सं आनन्द खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
