कानपुर, 25 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ऐराया मशायक गांव के पास उस समय हुई जब पीड़ित एक रिश्तेदार के गांव में शादी में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, परिवार के चार सदस्य – श्याम सिंह (45), उनके भाई मंथल सिंह (40), गोरेलाल (32) और उनके चचेरे भाई राजेंद्र सिंह (30) – एक ही मोटरसाइकिल पर पास के गांव की ओर जा रहे थे।
घर से निकलने के कुछ ही देर बाद, उनकी मोटरसाइकिल कथित तौर पर गौती गांव के निवासी मोतीलाल पासवान (50) की एक अन्य बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेंद्र सिंह, मंथल सिंह और गोरेलाल की मौके पर ही मौत हो गई। श्याम सिंह और पासवान को गंभीर चोटें आईं हैं।
राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हथगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बाद में फतेहपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना प्रभारी (सुल्तानपुर घोष) तेज बहादुर सिंह ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
