बलिया (उप्र), आठ सितंबर (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार में गडकरी ने ‘‘सबसे अच्छा काम किया है’’ और वह सबसे अच्छा वक्ता भी हैं।
चौधरी ने यह भी दावा किया कि देश में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी है, लेकिन देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव सरकारों में कैबिनेट मंत्री रहे चौधरी ने सोमवार को अपने आवास पर संवाददाताओं से कहा, ”गडकरी के विभाग को छोड़कर जनता के विकास के लिए कोई काम कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। रोजगार और विकास केवल अखबारों, चैनल और होर्डिंग में ही दिखाए जा रहे हैं। मोदी सरकार में नितिन गडकरी ने सबसे अच्छा काम किया है। वह सबसे अच्छा बोलते भी हैं। वह किसी के प्रति द्वेषपूर्ण बातें नहीं करते हैं, इसीलिए उन्हें दरकिनार किया गया है।”
नागपुर से तीन बार के लोकसभा सांसद गडकरी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री हैं।
चौधरी ने यह भी कहा कि भाजपा में जो सही लोग हैं, वे हाशिये पर हैं, जबकि जो गलत हैं वे मुख्य धारा में हैं।
चौधरी ने कहा, ‘गडकरी को मंत्री बनाना मजबूरी है, वरना मंत्रिमंडल काम नहीं करेगा। जादू का असर होता है। अगर गडकरी नहीं होंगे तो सरकार गिर जाएगी। वह इतना साफ बोलते हैं, उन्हें अब तक क्यों नहीं हटाया गया।”
सपा के वरिष्ठ नेता ने यह भी कहा कि देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में अखिलेश यादव की लोकप्रियता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में राहुल गांधी की लोकप्रियता भी बढ़ी है लेकिन देश में लोग अखिलेश यादव को पसंद कर रहे हैं।
भाषा सं. सलीम मनीषा अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.