बलिया (उप्र), 13 अगस्त (भाषा) बलिया जिले के भीमपुरा क्षेत्र में दहेज को लेकर एक विवाहिता की हत्या करने के आरोप में पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भीमपुरा थाने में बृहस्पतिवार को गोविंदपुर गांव के अजीत कुमार यादव की तहरीर पर उसकी चचेरी बहन गोल्डी यादव के पति राकेश कुमार यादव, देवर नीतीश, ससुर कमलेश और सास इसरावती देवी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सूत्रों ने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि गोल्डी का विवाह पांच साल पहले 29 अप्रैल 2021 को राकेश के साथ हुआ था और आरोप है कि शादी के बाद से ही गोल्डी को ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज मिलने को लेकर ताना देते थे और ससुराल पक्ष को तीन लाख रुपए नकद दिए जाने के बावजूद दहेज की मांग की जा रही थी।
रसड़ा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक रजनीश ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
भाषा सं. सलीम शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.