scorecardresearch
Friday, 3 April, 2026
होमदेशउप्र : बरेली में यात्री ट्रेन से गिरकर युवती की मौत

उप्र : बरेली में यात्री ट्रेन से गिरकर युवती की मौत

Text Size:

बरेली, छह मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली में चलती ट्रेन से गिरने से एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार को हुई जब रुखसाना (35) अपने साथी सद्दाम के साथ बदायूं से बरेली लौटते समय कासगंज-रामनगर यात्री ट्रेन में सफर कर रही थी।

जीआरपी के मुताबिक, सफर के दौरान महिला ट्रेन से गिर गई और ट्रेन की चपेट में आकर उसका शरीर दो हिस्सों में कट गया।

बरेली सिटी स्टेशन अधीक्षक ने जीआरपी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अतुल शर्मा ने बताया कि रुखसाना करीब एक साल से मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र निवासी सद्दाम के साथ बरेली के सुभाष नगर में किराये के मकान में रह रही थी।

पुलिस के अनुसार रुखसाना ने पहले अपने पति इरफान को तलाक दे दिया था और उसके दो बच्चे भी हैं। परिवार वालों ने शुरू में आरोप लगाया कि सद्दाम ने झगड़े के बाद रुखसाना को ट्रेन से धक्का दे दिया था।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान आरोप साबित नहीं हो सका। जीआरपी के अनुसार सद्दाम को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया क्योंकि महिला के परिवार ने उसके खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी और उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला था।

शर्मा ने बताया कि आरोपी सद्दाम भिखारी है, वह भीख मांगकर जीवन यापन करता है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments