हरदोई, 17 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर के कुछ हिस्सों में मंगलवार को जमीन के नीचे बिछी पेट्रोलियम प्राकृतिक गैस (पीएनजी) का रिसाव होने से हड़कंप मच गया।
जोरदार आवाज के साथ हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना शहर के इलाके में बावन रोड पर एक पानी की टंकी के पास हुई, जहां गैस पाइपलाइन में अचानक विस्फोट हो गया और गैस का रिसाव होने लगा, जिससे पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, लीक हो रही गैस का दबाव इतना ज़्यादा था कि उसकी आवाज काफी दूर तक गूंजी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद लोगों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी।
जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा दमकल की टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने के उपाय शुरू किये।
अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन में एक वाल्व खराब होने के कारण यह लीक हुआ। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग की तकनीकी टीम लीक को रोकने के लिये काम कर रही है।
जिलाधिकारी ने कहा, ‘अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। स्थिति को काबू में किया जा रहा है।’
अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के किसी भी संभावित खतरे से बचने के लिए एहतियातन मौके पर दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं और लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
