scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशउप्र : इटावा-हरदोई में सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

उप्र : इटावा-हरदोई में सड़क हादसों में चार लोगों की मौत

Text Size:

इटावा/हरदोई, छह अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के इटावा और हरदोई जिलों में अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इटावा में इटावा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक की मरम्मत कर रहे चालक और परिचालक को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ा ट्रक उछल गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद डंपर उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सिविल लाइन थाने के प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान चालक रोहित (25) और उसके चचेरे भाई नितिन कुमार (19) के रूप में हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं, हरदोई जिले में अतरौली-भटपुर मार्ग पर मेला देखने जा रहे दो दोस्तों की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरावन की सूचना पर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान अतरौली थाना क्षेत्र के गांव चमका मजरा सिकंदरपुर निवासी बाबू (18) और करूणा शंकर उर्फ करन (17) के रूप में हुई है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद शर्मा ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments