scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशउप्र: हज यात्रियों का पहला जत्था हुआ रवाना, सुविधा के लिये पहली बार होगा कृत्रिम मेधा का इस्तेमाल

उप्र: हज यात्रियों का पहला जत्था हुआ रवाना, सुविधा के लिये पहली बार होगा कृत्रिम मेधा का इस्तेमाल

Text Size:

लखनऊ, 22 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के पहले जत्थे को बुधवार सुबह लखनऊ से रवाना कर दिया गया।

इस बार यात्रियों की सुविधा के लिए उन्हें पहली बार कृत्रिम मेधा (एआई) से लैस स्मार्ट वॉच प्रदान की गई है, जिसमें जीपीएस ट्रैकर और आपात स्थिति में मदद के लिए बटन जैसी सुविधाएं हैं।

प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने लखनऊ स्थित हज हाउस से हज यात्रा पर रवाना होने वाले पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई।

इस जत्थे में कुल 427 हज यात्री शामिल हैं, जिनमें 222 पुरुष और 205 महिलाएं शामिल हैं।

इस वर्ष उत्तर प्रदेश से कुल 17,006 यात्री हज के लिए विभिन्न जत्थों में जाएंगे।

अंसारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि उन्होंने हज यात्रियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश दिया और आग्रह किया कि हज यात्रा के बाद हाजी अपने प्रदेश और देश की तरक्की के लिए दुआ करें।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू द्वारा हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के प्रयासों की सराहना की।

अंसारी ने बताया कि इस बार सरकार ने हज यात्रियों की सुविधा के लिए स्मार्ट वॉच का इस्तेमाल किया है, जिसमें अजान के समय की जानकारी, जीपीएस ट्रैकर और आपात स्थिति में मदद के लिए इमरजेंसी बटन जैसी सुविधाएं हैं।

यह कदम हज यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments