भदोही, सात मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की ऊंज थाना पुलिस ने एक युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और कथित नाबालिग बेटे के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
भदोही के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने शनिवार को बताया कि इस मामले में 20 साल की युवती की तहरीर पर चौरा कलां गांव के आशीष तिवारी, उसके बेटे और पत्नी प्रतिमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 (किसी महिला की इच्छा के विरुद्ध बार-बार पीछा करना) ,352 (जानबूझकर किसी को अपमानित करना), 351[3] (गंभीर आपराधिक धमकी) में जिले के ऊंज थाना में शुक्रवार शाम को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी मांगलिक ने बताया कि ऊंज थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का शौच करते हुए आशीष तिवारी नाम के व्यक्ति के बेटे ने कई बार वीडियो बनाया था।
उन्होंने कहा कि इसके कुछ दिन बाद खुद को नाबालिग बताने वाले लड़के के पिता आशीष तिवारी ने शुक्रवार को भी युवती का शौच करते समय आपत्तिजनक वीडियो बनाने लगा और इसका विरोध करने पर उसे भद्दी गालियां दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बात की शिकायत युवती ने आशीष की पत्नी प्रतिमा तिवारी से की तो उसने उलटा युवती को ही गाली गलौज दी।
मांगलिक ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आशीष तिवारी के बेटे के नाबालिग या बालिग होने की विस्तृत जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द
रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
