कन्नौज, 28 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक प्राथमिक विद्यालय की पांचवीं कक्षा की छात्रा ने शनिवार को अपनी शिक्षिका की डांट से परेशान होकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्रा की पहचान सौरिख थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी निधि (10) के रूप में हुई है। उसकी छोटी बहन तीन वर्षीय नेहा भी उसी स्कूल में पढ़ती है।
निधि शनिवार को अपनी बहन नेहा के साथ स्कूल गई थी। स्कूल में शिक्षिका मृदुला त्रिपाठी ने निधि से उसकी व्यक्तिगत स्वच्छता और गंदे कपड़ों के बारे में सवाल किया। उसने कथित तौर पर छात्रा को डांटा और कक्षा से बाहर जाने को कहा।
इससे परेशान निधि लगातार रोती रही। वह अपनी बहन नेहा के साथ घर लौट आई, लेकिन गुमसुम और चुप रही। उसने घर में किसी से इस घटना का जिक्र नहीं किया। इसके बाद निधि एक कमरे में गई और पंखे से फंदा बनाकर लटक गई।
परिजनों के मुताबिक थोड़ी देर बाद उसकी छोटी बहन नेहा ने निधि का शव फंदे से लटकता देखा तो घबराकर चिल्लाने लगी।
नेहा की चीख सुनकर उसकी मां आरती समेत परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे, जिससे घर में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन निधि के शव को लेकर स्कूल पहुंचे और इस हादसे के लिए शिक्षक को जिम्मेदार ठहराते हुए धरना देना शुरू कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर परिजनों को शांत कराया। इस आश्वासन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। स्कूल में करीब तीन से चार घंटे तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
पुलिस ने बताया कि निधि की मां आरती की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षिका मृदुला त्रिपाठी, प्राचार्य महेंद्र सिंह और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
