scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशउप्र : ठाकुर बांके बिहारी के भक्त अब घर बैठे कर सकेंगे उनके दर्शन

उप्र : ठाकुर बांके बिहारी के भक्त अब घर बैठे कर सकेंगे उनके दर्शन

Text Size:

मथुरा (उप्र), 28 फरवरी (भाषा) उच्चतम न्यायालय द्वारा ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के कुशल प्रबंधन के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अगुवाई में गठित की गई उच्चाधिकारी प्राप्त प्रबंधन समिति सरलता एवं सुगमता से श्रद्धालुओं को ठाकुर जी के दर्शन कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समिति द्वारा पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों के अनुसार तय की गई एजेंसी द्वारा 27 फरवरी से ठाकुर जी के दर्शनों का सीधा प्रसारण शुरू कर दिया गया है।

श्रद्धालुओं ने शुक्रवार को न केवल सुबह व शाम की ठाकुरजी की राजभोग व शयनभोग आरती आदि विभिन्न सेवाओं के ऑनलाइन दर्शन किए, बल्कि अपराह्न एक बजे से रंगभरनी एकादशी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित रंगीली होली का सीधा प्रसारण भी देखा।

समिति की ओर से बताया गया है कि श्रद्धालु दुनिया के किसी भी शहर में बैठकर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर जाकर घर बैठे अथवा यात्रा करते समय भी, जब वे चाहें, समयानुसार दर्शन कर सकते हैं।

समिति के अध्यक्ष एवं उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अशोक कुमार ने बताया कि ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भीड़ लगातार बढ़ रही है। इसलिए श्रद्धालु भी धक्का-मुक्की से बचना चाहते हैं। ऐसे में उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने दर्शन के सीधा प्रसारण की व्यवस्था बनाई है।

काफी प्रयासों के बाद रंगभरनी एकादशी पर शुक्रवार से सीधा प्रसारण शुरू हो गया। मंदिर के अंदर दो एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इसके अलावा गेट नंबर एक और गेट नंबर चार पर भी दो बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। जिससे मंदिर में प्रवेश न पा सकने वाले श्रद्धालु भी बाहर रहकर भी दर्शन कर रहे हैं।

भाषा

सं, जफर रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments