बदायूं (उप्र), 17 दिसंबर (भाषा) बदायूं जिले के उझानी कोतवाली इलाके के एक गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की का शव शनिवार को सरसों के खेत से पुलिस ने बरामद किया। परिजनों ने गला घोंटकर हत्या किये जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव सामंती नगला निवासी एक व्यक्ति की 17 वर्षीय पुत्री 15 दिसंबर से लापता थी जिसकी अपहरण की प्राथमिकी परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई थी।
उन्होंने बताया कि शनिवार को नाबालिग लड़की का शव घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित सरसों के खेत में मिला।
श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उन्होंने बताया कि किशोरी के हाथ में एक दवा की शीशी भी मिली है।
अधिकारी ने बताया कि घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर किशोरी का शव पड़ा हुआ था किंतु परिजनों को इसकी जानकारी दो दिन बाद हुई, यह भी जांच का विषय है।
उधर, परिजनों ने लड़की का गला घोंटकर हत्या किये जाने की आशंका जताई है।
श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मूल रूप से पंजाब के रहने वाला पीड़ित परिवार पिछले लगभग पांच वर्ष से खेती के उद्देश्य से थाना क्षेत्र में निवास कर रहा है।
भाषा सं आनन्द शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
