मेरठ (उप्र), 26 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में पुलिस ने विवादित और भड़काऊ बयान देने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, थाना इंचोली क्षेत्र के भगवानपुर गांव में हाल में भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को कुछ अज्ञात तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया।
इसके बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को विवाद तब और बढ़ गया जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की, जिसमें उसने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले के हाथ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम देने की बात कही थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान हसीन यासीन के रूप में हुई है, जो भवनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अब्दुलपुर का निवासी है। उसे हिरासत में ले लिया गया है और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अविनाश पांडे ने बताया कि विवादित टिप्पणी के आरोप में व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पांडे ने कहा कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीम गठित की गई है और मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के प्रयास जारी हैं।
भाषा सं जफर सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
