लखीमपुर खीरी (उप्र), 11 मार्च (भाषा) लखीमपुर खीरी जिले में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) के कार्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान कथित गड़बड़ियां उजागर होने के बाद एक दलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और एक कंप्यूटर ऑपरेटर की सेवा समाप्त करने का आदेश दिया गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर मंगलवार को एआरटीओ दफ्तर का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कार्यालय के प्रवेश द्वार पर रवि नाम के दलाल को पकड़ा गया जिसने पूछताछ में बेहजम इलाके के निवासी इश्तियाक से उसकी गाड़ी का पंजीकरण हस्तांतरित कराने के लिए कथित तौर पर दो हजार रुपये लेने की बात कबूल की।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी ने दलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्यालय के अंदर आम लोगों से बातचीत के दौरान पता चला कि कंप्यूटर ऑपरेटर कमर अली ने शुभम नामक व्यक्ति से उसके ड्राइविंग लाइसेंस में कुछ संशोधन के लिए 400 रुपये के निर्धारित शुल्क के बजाय कथित तौर पर डेढ़ हजार रुपये लिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने इस भ्रष्टाचार को गंभीरता से लेते हुए संविदा पर तैनात कमर अली की सेवाएं समाप्त करने का आदेश दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कनिष्ठ लिपिक आशीष श्रीवास्तव के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
उन्होंने बताया कि लिपिक पर आरोप है कि पिछले साल नवंबर से बिना संतोषजनक कारण एक गाड़ी से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने में विलंब किया गया।
भाषा सं सलीम खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
