हाथरस, 10 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में शनिवार को खेत से सात वर्षीय एक बच्चे का शव बरामद किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह घटना जिले के मुरसान थाना क्षेत्र के खुटीपुरी जाटान गांव की है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान खुटीपुरी जाटान गांव के भोला उर्फ जीवन (7) के रूप में हुई है, जो आठ मई की दोपहर से लापता था। बच्चे के हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। भोला के पिता राजपाल सिंह की घर के पास ही चक्की है। आठ मई को भोला चक्की पर मौजूद था और अपराह्न करीब तीन बजे वह शौच के लिए चक्की के पीछे खेत में गया था, तभी से वह लापता था।
परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था।
मुरसान थाने की प्रभारी ममता सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह गांव के एक खेत से बच्चे का शव बरामद हुआ है। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
शव पर चोटों के निशान के बारे में उन्होंने कहा कि शव काफी हद तक सड़ चुका है, इसलिए बाकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
भाषा
सं, जफर, रवि कांत रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.