फर्रुखाबाद, 17 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या के जुर्म में उम्र कैद की सजा काट रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक विजय सिंह के फर्रुखाबाद स्थित घर पर मंगलवार को अचानक हुए तेज धमाके में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विजय सिंह के मकान पर अज्ञात कारणों से जबर्दस्त विस्फोट हो गया जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से भैया लाल नामक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उच्च स्वास्थ्य केंद्र में रेफर कर दिया गया है जबकि बाकी घायलों का एक स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
विजय सिंह भाजपा के नेता ब्रह्मदत्त द्विवेदी की हत्या में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
भाषा
सं, सलीम रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
