इटावा (उप्र), एक सितंबर (भाषा) ‘इंडिया’ गठबंधन की बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपशब्द कहे जाने के मामले को लेकर सोमवार को इटावा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। इस दौरान दोनों ओर से नारेबाजी और पथराव हुआ।
पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत आठ नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिहार के दरभंगा में हाल ही में ‘इंडिया’ गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहे जाने के विरोध में भाजपा विधायक सरिता भदौरिया की अगुवाई में यहां नगर पालिका चौराहे पर स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने शुरू कर दिये।
सूत्रों ने बताया कि जवाब में कांग्रेस कार्यालय में मौजूद कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के प्रति आपत्तिजनक नारेबाजी शुरू कर दी। बात बढ़ने पर दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित किया।
कोतवाल यशवंत सिंह ने बताया कि पुलिस शांति व्यवस्था के मद्देनजर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर अध्यक्ष राशिद एवं पल्लव दुबे सहित 12 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कोतवाली ले गयी।
पुलिस ने इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विरला शाक्य की तहरीर पर कोतवाली में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, शहर इकाई अध्यक्ष राशिद पठान, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव तथा कोमल सिंह कुशवाहा, विपिन कुशवाहा, पल्लव दुबे, प्रशांत तिवारी, आशिक पठान के खिलाफ नामजद तथा 20 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा किया है।
भाषा
सं. सलीम संतोष शोभना सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.