बुलंदशहर (उप्र), 13 जनवरी (भाषा) केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का फर्जी डिप्टी कमांडेंट बन नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक को ठगने के आरोपी को बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र में पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
डिबाई के पुलिस क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि बेरोजगार युवकों को नौकरी लगवाने के नाम पर रुपए ठगने वाले सीआरपीएफ के फर्जी डिप्टी कमांडेंट भूपेंद्र सिंह को डिबाई पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त सीआरपीएफ का बर्खास्त सिपाही है। वह वर्ष 2019 में बर्खास्त किया गया था। उसने अपने साथियों के साथ डिबाई क्षेत्र के एक बेरोजगार से सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये ठग लिए थे और वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
मिश्रा ने बताया कि इस मामले में भूपेंद्र सिंह के खिलाफ अभियोग पंजीकृत है।
भाषा सं. सलीम गोला प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
