scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशकेंद्रीय मंत्री चौहान अपना जन्मदिन ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाएंगे

केंद्रीय मंत्री चौहान अपना जन्मदिन ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाएंगे

Text Size:

भोपाल, चार मार्च (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पांच मार्च को अपना 67वां जन्मदिन ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाएंगे। इस अवसर पर वह मध्य प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर कोचिंग कक्षाओं और मोबाइल अस्पतालों की शुरुआत करेंगे। यह जानकारी उनके कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में दी गई।

चौहान अपने समर्थकों के बीच ‘मामा’ के नाम से लोकप्रिय हैं और उनके जन्मदिन पर शुरू की जाने वाली कोचिंग कक्षाओं तथा अस्पतालों के नाम में भी ‘मामा’ शब्द जोड़ा जाएगा।

बयान के मुताबिक, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान पर्यावरण, सेवा, सहयोग, शिक्षा और प्रतिभा संवर्धन से जुड़े पांच संकल्प भी लेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने वाले चौहान ने समर्थकों से अपील की है कि वे उनके जन्मदिन पर माला, गुलदस्ता, शॉल या अन्य उपहार न लाएं।

उन्होंने शुभचिंतकों से एक पौधा लगाने और उसकी तस्वीर क्यूआर कोड के माध्यम से एक पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की है, जिससे वे “शिव वृक्ष मित्र” बन सकेंगे।

चौहान ने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ पुरस्कार शुरू करने का निर्णय लिया है, जिसके तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र के आठों विधानसभा क्षेत्रों में 10वीं कक्षा और 12वीं कक्षा में अव्वल स्थान पाने वाले छात्रों को क्रमशः 51,000 रुपये, 31,000 रुपये और 21,000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी।

लोकसभा क्षेत्र स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान भी दिया जाएगा।

बयान के मुताबिक, चौहान ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए आठों विधानसभा क्षेत्रों में ‘मामा चलित अस्पताल’ की भी शुरुआत करेंगे। इन वाहनों में आधुनिक जांच सुविधाएं और चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे, जो गांवों और बस्तियों में लोगों को नि:शुल्क इलाज और परामर्श देंगे।

यह पहल सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और जनसहयोग से संचालित की जाएगी।

चौहान के जन्मदिन के अवसर पर विदिशा नगर, रायसेन और भैरुंदा में ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ भी शुरू की जाएंगी। इन केंद्रों पर बैंकिंग, एसएससी, एमपीपीएससी, डीआरडीओ और वन सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क कराई जाएगी।

भाषा दिमो

शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments